ब्राउन शुगर बिक्री के आरोप में दंपती गिरफ्तार, जेल भेजे गए
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
गम्हरिया पुलिस ने ब्राउन शुगर की अवैध खरीद-बिक्री के आरोप में आदित्यपुर के राममढ़ैया बस्ती निवासी टून लोहार और उसकी पत्नी इंदिरा लोहार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी संजय प्रसाद के अनुसार दोनों थाना कांड संख्या 60/26 में नामजद आरोपी हैं और कांड दर्ज होने के बाद से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक, हाल में गिरफ्तार दो युवकों से पूछताछ में दंपती से ब्राउन शुगर की पुड़िया खरीदने की जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी ने बताया कि टून लोहार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस के अनुसार, दंपती क्षेत्र में सक्रिय छोटे तस्करों और युवाओं तक नशीले पदार्थ पहुंचाने में संलिप्त था।

