स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था पर डीसी ने कसी लगाम
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
सरायकेला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक हुई। इसमें उपायुक्त ने स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा मरीजों को निर्धारित समय में उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में चिकित्सकों एवं कर्मियों की उपस्थिति, दवा व जांच किट की उपलब्धता, उपकरणों की स्थिति तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं सीधे आम लोगों के जीवन से जुड़ी हैं, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाओं और जांच किट का पर्याप्त स्टॉक रखने, नियमित सत्यापन तथा स्टॉक रजिस्टर अद्यतन करने को कहा। खराब उपकरणों की समयबद्ध मरम्मत या जरूरत के अनुसार बदलाव का भी निर्देश दिया।
बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में जनरेटर, इन्वर्टर और सोलर लाइट जैसी वैकल्पिक व्यवस्था रखने को कहा गया। बैठक में टेली-कंसल्टेशन में जिले के बेहतर प्रदर्शन पर चिकित्सकों की सराहना करते हुए इसे और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया।

