माइंस नहीं, फिर भी लाल है काण्ड्रा की मेन रोड!
*आयरन ओर की ढुलाई ने बदला सड़क का रंग, बारिश में कीचड़ तो सूखे में उड़ता है लाल डस्ट*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
काण्ड्रा मेन रोड का नजारा इन दिनों किसी आयरन ओर माइंस क्षेत्र से कम नहीं दिख रहा। सड़क पर जगह-जगह बिखरा लाल आयरन ओर, उसके ऊपर बारिश का पानी और उससे बना कीचड़ राहगीरों की परेशानी बढ़ा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति स्पंज आयरन और इंगोट बनाने वाली कंपनियों के लिए होने वाली आयरन ओर की ढुलाई के दौरान सड़क पर गिरने वाले डस्ट और लम्प्स के कारण बनी है।
कई दिनों से हो रही बारिश ने सड़क पर गिरे अयस्क को लाल कीचड़ में बदल दिया है। इससे सड़क फिसलन भरी हो गई है और दोपहिया वाहन चालकों को संभलकर चलना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि बारिश रुकने के बाद समस्या खत्म नहीं होगी। सूखे मौसम में यही महीन आयरन ओर डस्ट उड़कर सड़क किनारे स्थित दुकानों और घरों की दीवारों, सामान और परिसर को लाल करता है।
स्थानीय लोगों का सवाल है कि औद्योगिक इकाइयों के लिए कच्चा माल पहुंचाने वाले वाहनों को ढककर चलाने तथा सड़क पर अयस्क गिरने से रोकने की व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि उद्योगों की जरूरत अपनी जगह है, लेकिन उसकी कीमत काण्ड्रा की आबादी क्यों चुकाए? लोगों ने प्रशासन से परिवहन व्यवस्था की निगरानी और सड़क की नियमित सफाई कराने की मांग की है।

