ग्राम कचहरी के नोटिस की तामिला में चौकीदारों की ली जाएगी सेवा
छौड़ाही। ग्राम कचहरी के वादों में नोटिस की तामिला कराने के लिए चौकीदारों की सेवा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। इस संबंध में प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, छौड़ाही ने थानाध्यक्ष एवं प्रखंड के सभी सरपंचों को पत्र भेजा है। पत्र में पंचायत राज विभाग के 21 जुलाई 2023 के निर्देश का हवाला दिया गया है। इसमें बताया गया है कि ग्राम कचहरी के कार्यों के सफल निष्पादन के लिए वादों के नोटिस की तामिला में चौकीदारों की सेवा उपलब्ध कराई जानी है। अधिकारियों से निर्देश के आलोक में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
