विधायक के एस्कॉर्ट वाहन के पलटने से चार सुरक्षाकर्मी घायल
राष्ट्र संवाद संवाददाता, घाटशिला
घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन के काफिले में शामिल एस्कॉर्ट वाहन बुधवार शाम गालूडीह थाना क्षेत्र के घुटिया गांव के समीप एनएच-18 पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वाहन में सवार चार सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।
बताया गया कि विधायक और झामुमो नेता सोना राम सोरेन समेत पार्टी के अन्य नेता मालेडीह गांव में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-18 पर सड़क के गड्ढे में वाहन का पहिया जाने के बाद वह अनियंत्रित होकर पलट गया।
घायलों की पहचान रोहित कुमार वर्मा, सुराल हेम्ब्रम, पालू किस्कू और आशीष कुमार साव के रूप में हुई है। सभी को तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर बताए गए हैं। हादसे के कारण विधायक समेत काफिले के अन्य लोग कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।

