लोडेड देसी कट्टा व कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
कपाली ओपी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान तमोलिया के काड़ाधोरा शिव मंदिर के पास रहने वाले जम्मूवन महतो उर्फ जम्बो (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने युवक को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से हथियार व कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी कई मामलों में जेल जा चुका है। विभिन्न थानों में दर्ज मामलों को लेकर पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने गिरफ्तारी को महत्वपूर्ण सफलता बताया है।

