पावरू पहाड़ के पास सड़क पर रखे ड्रम बने परेशानी
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
हाता-टाटा मुख्य मार्ग पर पावरू पहाड़ के समीप शाह स्पंज एंड पावर लिमिटेड द्वारा सड़क पर लगाए गए ड्रम राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। बताया जाता है कि हाल में कंपनी से आ रहे ट्रक की चपेट में एक पिकअप वाहन आने से चालक की मौत हो गई थी। इसके बाद ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर करीब 10 घंटे सड़क जाम रखा था। दुर्घटना रोकने के उद्देश्य से कंपनी ने मुख्य सड़क और स्पंज आयरन रोड पर ड्रम लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ड्रम से सड़क का बड़ा हिस्सा घिर जाने के कारण बड़े वाहनों के साथ दोपहिया चालकों को साइड लेने में परेशानी होती है। इससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

