दुर्गा पूजा में सुगम यातायात व पार्किंग को लेकर केंद्रीय समिति ने कसी कमर
जोनल प्रभारियों को बड़े पूजा पंडालों की समितियों से समन्वय कर एक सप्ताह में रोड मैप तैयार करने का निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। दुर्गा पूजा के दौरान शहर में सुगम यातायात, व्यवस्थित पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने को लेकर जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति की बैठक मंगलवार को जोनल प्रभारियों के साथ हुई। बैठक में बड़े पूजा पंडालों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की पूजा समितियों के साथ समन्वय कर यातायात व पार्किंग का रोड मैप तैयार करने का निर्देश दिया गया।
केंद्रीय समिति ने पूजा समितियों से पार्किंग स्थलों की जानकारी और वहां प्रकाश, पहुंच मार्ग जैसी समस्याओं की जानकारी समय रहते उपलब्ध कराने को कहा। प्रमुख पार्किंग स्थलों की पहचान कर बड़े बोर्ड-बैनर लगाने पर भी जोर दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो और मुख्य सड़कों पर जाम की स्थिति कम हो।
बैठक में बर्मामाइंस गोलचक्कर का भी विशेष उल्लेख हुआ। बताया गया कि टाटा स्टील यूआईएसएल द्वारा इसके विस्तारीकरण का कार्य शुरू किया गया है, जिससे पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
जोनल प्रभारियों को एक सप्ताह के भीतर अपने क्षेत्र के बड़े पूजा पंडालों की समितियों से संपर्क कर सुझाव एवं आवश्यकताओं की जानकारी केंद्रीय समिति तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया। बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महासचिव आशुतोष सिंह सहित विभिन्न जोन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

