निखार सबलोक हत्याकांड की जांच तेज, सिदगोड़ा में विक्रम शर्मा के कार्यालय में छापेमारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए सिदगोड़ा क्षेत्र में छापेमारी की। जांच के दौरान पुलिस टीम विक्रम शर्मा के कार्यालय पहुंची, जहां कार्यालय बंद होने के कारण पुलिस ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और तलाशी अभियान चलाया।

बताया जा रहा है कि निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में जुटी पुलिस लगातार विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इसी क्रम में सिदगोड़ा स्थित विक्रम शर्मा के कार्यालय में पुलिस टीम पहुंची। जांच से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य और दस्तावेजों की तलाश में पुलिस ने कार्यालय की गहन तलाशी ली।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है और हत्या की साजिश में शामिल लोगों तक पहुंचने के लिए लगातार कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कार्यालय से कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां और सामग्री जुटाई है, जिसकी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि युवा कारोबारी निखार सबलोक की हत्या के बाद से पुलिस लगातार सक्रिय है और मामले से जुड़े आरोपियों तथा संदिग्धों पर शिकंजा कसने में जुटी हुई है। सिदगोड़ा में हुई इस ताजा कार्रवाई को जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने तक मामले में आगे भी कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

