काशीडीह में विसर्जन जुलूस के दौरान खूनी झड़प, चापड़ हमले में तीन युवक घायल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह लाइन नंबर-13 के समीप रविवार रात प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद के बाद हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान चापड़ से हमला किए जाने की घटना में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान जय कुमार यादव, सोनू यादव और कुंभ यादव के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर क्यूआरटी की तैनाती की गई है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, काशीडीह से प्रतिमा विसर्जन जुलूस गुजर रहा था। इसी दौरान शुभम नामक युवक ने जुलूस से आगे निकलने के लिए रास्ता मांगा, जिसको लेकर जुलूस में शामिल कुछ लोगों से उसकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान शुभम के साथ मारपीट की गई। इसके बाद उसने अपने मोहल्ले के युवकों को घटना की जानकारी दी।

