कांग्रेस सेवादल के पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला सेवादल कांग्रेस कमिटी की ओर से बिष्टूपुर स्थित तिलक पुस्तकालय कांग्रेस कार्यालय में पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। जिला सेवादल चेयरमैन राहुल कुमार उर्फ राजा सिंह राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कांग्रेस का झंडा फहराकर किया।
डॉ. बलमुचू ने कहा कि सेवादल कांग्रेस की मुख्य रीढ़ है और कार्यकर्ता अनुशासन व सेवा कार्यों के लिए जाने जाते हैं। लोकसभा प्रभारी सतीश पाल मुंजनी ने कार्यकर्ताओं से पार्टी के संदेश को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। जिला प्रभारी शशिभूषण राय ने प्रशिक्षण शिविर को संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
प्रदेश सेवादल चेयरमैन नवीन सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ा जाएगा तथा आगे प्रखंड स्तर पर भी शिविर आयोजित होंगे। जिला चेयरमैन राजा सिंह राजपूत ने बताया कि पांच दिनों में सेवादल सदस्यों को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम में लक्ष्मण, अमरजीत नाथ मिश्र, लक्की शर्मा, रेनु मिश्रा, बिक्रम झा, आनंद सेनापति सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

