उल्लास–नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत 12,500 नवसाक्षरों ने दी परीक्षा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पूर्वी सिंहभूम, 20 सितंबर। उल्लास–नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत रविवार को पूर्वी सिंहभूम जिले में नवसाक्षरों की परीक्षा आयोजित की गई। जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर करीब 12,500 नवसाक्षरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
परीक्षा का उद्देश्य नवसाक्षरों के अर्जित ज्ञान एवं बुनियादी साक्षरता कौशल का आकलन करना तथा उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। परीक्षा के सफल संचालन का जायजा लेने के लिए राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी, झारखंड जावेद अनवर ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उल्लास कार्यक्रम के माध्यम से निरक्षर वयस्कों को बुनियादी साक्षरता के साथ शिक्षा, जागरूकता और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। परीक्षा के सफल आयोजन में जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, पदाधिकारियों, कर्मियों एवं स्वयंसेवी शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

