श्याम सुंदर प्रसाद सिंह के निधन से ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन और ब्रह्मर्षि विकास मंच में शोक की लहर
ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं ब्रह्मर्षि विकास मंच के संस्थापक सदस्य के निधन को समाज ने बताया अपूरणीय क्षति
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं ब्रह्मर्षि विकास मंच, जमशेदपुर के संस्थापक सदस्य श्याम सुंदर प्रसाद सिंह का सोमवार देर रात कोलकाता में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन और ब्रह्मर्षि विकास मंच से जुड़े लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
श्याम सुंदर प्रसाद सिंह का पिछले कुछ समय से कोलकाता में इलाज चल रहा था। निधन के बाद उनके दोनों पुत्र राकेश और मुकेश पार्थिव शरीर को लेकर कोलकाता से जमशेदपुर के लिए रवाना हो गए हैं। उनके निधन को सामाजिक एवं ट्रांसपोर्ट जगत के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।
राष्ट्र संवाद के संपादक देवानंद सिंह ने जताया शोक
राष्ट्र संवाद के संपादक देवानंद सिंह ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि श्याम सुंदर प्रसाद सिंह का निधन राष्ट्र संवाद के लिए भी अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र संवाद के पहले अंक के विमोचन समारोह में श्याम सुंदर प्रसाद सिंह की गरिमामयी उपस्थिति और आशीर्वाद प्राप्त हुआ था। वे सदैव राष्ट्र संवाद के शुभचिंतक रहे और उनका स्नेह एवं मार्गदर्शन हमेशा याद रहेगा।
विकास सिंह ने कहा—यह समाज के लिए अपूरणीय क्षति और मेरी निजी क्षति भी
ब्रह्मर्षि विकास मंच के मुख्य संरक्षक विकास सिंह ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि श्याम सुंदर प्रसाद सिंह का निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए भी निजी क्षति है। उनके साथ मेरा आत्मीय और पारिवारिक संबंध रहा है। उनका निधन मेरे लिए बेहद दुखद है।”
उन्होंने कहा कि श्याम सुंदर प्रसाद सिंह ने समाज और संगठन के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके निधन से समाज ने एक अनुभवी, समर्पित और मार्गदर्शक व्यक्तित्व खो दिया है।
एसोसिएशन एवं मंच से जुड़े लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन घड़ी में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

