खून से सनी बाइक पर प्रेमिका का शव, ठिकाने लगाने निकला प्रेमी गिरफ्तार
पुरुलिया के बाघमुंडी में सनसनीखेज वारदात, पुलिस ने आधी रात को दबोचा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
संजय शर्मा
चांडिल। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बाघमुंडी में शनिवार देर रात प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। हत्या के बाद शव को बड़े पॉलीथीन में लपेटकर बाइक से ठिकाने लगाने निकला प्रेमी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने खून से सनी बाइक और पॉलीथीन में रखा युवती का शव बरामद किया है। *वारदात के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।*
शनिवार रात करीब 12:25 बजे बाघमुंडी स्थित PPSP कार्यालय के सामने पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान पुलिस की नजर एक बाइक पर पड़ी। बाइक पर बड़ा पॉलीथीन बैग लदा था और बाइक पर खून के निशान थे। संदेह होने पर पुलिस ने बाइक रुकवाई। जांच में पॉलीथीन से खून रिसता मिला। पुलिस ने बाइक सवार युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हो गया।
*कई साल से था प्रेम संबंध*
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बाघमुंडी थाना क्षेत्र के हुरुमदा गांव निवासी अमित कुमार महतो के रूप में हुई है। मृतका की पहचान बुरदा गांव निवासी प्रितिका महतो के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध था और दोनों एक ही कोचिंग में पढ़ते थे।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि अमित को प्रितिका के किसी अन्य युवक से संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद और दूरी बढ़ने लगी थी। शनिवार को प्रितिका अमित से मिलने उसके मेस पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान अमित ने उसका गला घोंटकर हत्या कर दी।
*शव ठिकाने लगाने निकला था आरोपी*
हत्या के बाद आरोपी ने शव को पॉलीथीन में लपेटा और बाइक पर रखकर उसे ठिकाने लगाने निकल पड़ा। लेकिन रास्ते में पुलिस की नजर उस पर पड़ गई। खून से सनी बाइक और बैग देखकर पुलिस ने उसे रोक लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। जिला पुलिस अधीक्षक कुमार सनी राज ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

