पहाड़भांगा नदी में नहाने के दौरान 20 वर्षीय युवक डूबा, तलाश जारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका। पोटका थाना क्षेत्र के पहाड़भांगा पिकनिक स्पॉट पर रविवार को नहाने के दौरान टेल्को आजाद बस्ती निवासी 20 वर्षीय राजू सिंह गहरे पानी में डूब गया। वह दोस्तों मुकेश सिंह, प्रमोद कुमार, राजेश कुमार, संजीव कुमार और वीरेंद्र सिंह के साथ पिकनिक मनाने पहुंचा था।
नहाने के दौरान राजू गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में मुकेश भी पानी में गया, लेकिन बाहर निकल आया। राजू का पता नहीं चल सका। सूचना पर थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो पुलिस टीम के साथ पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से देर शाम तक तलाश की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण खोजबीन रोकनी पड़ी।
थाना प्रभारी ने बताया कि राजू के पिता राजेश सिंह को सूचना दे दी गई है। सोमवार को एनडीआरएफ की मदद से नदी में तलाश शुरू की जाएगी।

