सरायकेला में वज्रपात का कहर, दो महिलाओं की मौत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला: जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत पांडरा गांव में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे वज्रपात की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हो गई. मृतकों की पहचान 46 वर्षीय सोना मनी महतो, पति आशीर्वाद महतो और 27 वर्षीय मुक्ता महतो, पति पुईतु महतो के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि बारिश के दौरान दोनों महिलाएं खेत अथवा घर के आसपास मौजूद थीं. इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ हुए वज्रपात की चपेट में दोनों आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. घटना के बाद गांव में मातम पसर गया. सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया. घटना पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को सरकारी प्रावधान के अनुसार मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की बात कही. उन्होंने लोगों से बारिश और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास रहने से बचने की अपील की.

