राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
औद्योगिक क्षेत्र आदित्यपुर के फेज-7 स्थित सीटीसी प्रसीजन टूल्स प्राइवेट लिमिटेड में 8 सितंबर को राज्यपाल के संभावित आगमन को लेकर रविवार को उपायुक्त नितीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, यातायात और अन्य प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा कर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान राज्यपाल के संभावित आगमन और प्रस्थान के मार्ग, कार्यक्रम स्थल, वाहनों की पार्किंग तथा अतिथियों के प्रवेश-निकास की व्यवस्था का जायजा लिया गया। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप तैयारियां समय पर पूरी करने और आपसी समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया। साथ ही औद्योगिक क्षेत्र में आवागमन करने वाले आम लोगों और वाहनों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि संभावित कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के सभी पहलुओं का आकलन किया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल और आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात व विधि-व्यवस्था के लिए आवश्यक रणनीति तैयार की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीडीसी रीना हांसदा, एसडीएम अभिनव प्रकाश, एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज, आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी सिंह, डीपीआरओ अविनाश कुमार, नजारत प्रभारी समेत जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

