दो सगे भाइयों और मां की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय, पार गढ़ा में मेडिकल कैंप
80 ग्रामीणों की मलेरिया-टाइफाइड जांच, अब तक संक्रमण के लक्षण नहीं; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रामगढ़। पतरातू प्रखंड के भदानीनगर ओपी क्षेत्र अंतर्गत सुद्दी गांव के पार गढ़ा टोला में दो सगे भाइयों और उनकी मां की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को रामगढ़ के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में मेडिकल टीम पार गढ़ा पहुंची और कैंप लगाकर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की।
मेडिकल टीम ने करीब 80 ग्रामीणों की मलेरिया और टाइफाइड की जांच की। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अब तक की जांच में किसी भी ग्रामीण में मलेरिया या टाइफाइड के लक्षण नहीं पाए गए हैं।
सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि तीन मौतों के मामले में अब तक की जांच में मलेरिया और टाइफाइड के लक्षण सामने नहीं आए हैं। उन्होंने कहा कि पार गढ़ा से करीब एक किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी गांवों और टोलों में मेडिकल कैंप लगाकर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी।
लगातार तीन मौतों के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीण मौत के कारणों को लेकर तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
इधर, महिला की मौत के बाद शव का पोस्टमार्टम रामगढ़ सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। ग्रामीणों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

