*राजनीतिक दलों के साथ की बैठक, निष्पक्षता व पारदर्शिता के साथ समय-सीमा में कार्य पूरा करने का दिया निर्देश*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को सरायकेला-खरसावां समाहरणालय सभागार में प्रमंडलीय आयुक्त सह रोल ऑब्जर्वर, सिंहभूम (कोल्हान) रविरंजन कुमार विक्रम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ अब तक हुए निर्वाचक सत्यापन, दावा-आपत्ति एवं अन्य कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में सरायकेला विधायक सह पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन, ईचागढ़ विधायक सविता महतो, जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार तथा जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 5 अगस्त को हो चुका है। दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अवधि 5 अगस्त से 15 सितंबर तक निर्धारित है, जबकि अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को होगा। बैठक में घर-घर सत्यापन, गणना प्रपत्र, ASDDF सूची तथा प्राप्त दावे-आपत्तियों के सत्यापन की स्थिति की जानकारी दी गई।
राजनीतिक दलों ने एसआईआर से जुड़ी शंकाएं और सुझाव रखे, जिनका अधिकारियों ने समाधान किया। आयुक्त ने कहा कि बीएलओ और बीएलए-2 की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी पक्षों के बीच बेहतर समन्वय के साथ शेष कार्य समय पर पूरा करने और प्रत्येक दावा-आपत्ति का नियमानुसार निष्पक्ष निपटारा करने का निर्देश दिया।
चम्पाई सोरेन ने शहरी क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने पर जोर देते हुए कहा कि कोई अयोग्य व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो और कोई योग्य मतदाता वंचित न रहे।
बैठक के बाद आयुक्त ने सरायकेला प्रखंड कार्यालय में SIR के तहत चल रही हियरिंग एवं जनसुनवाई का निरीक्षण किया। उन्होंने दस्तावेजों के नियमानुसार सत्यापन और मामलों के समयबद्ध निष्पादन का निर्देश दिया। आयुक्त ने जिलेवासियों से निर्धारित अवधि में सत्यापन एवं दावा-आपत्ति प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

