*बारिश के बीच तीन हादसों से चरमराई यातायात व्यवस्था, काण्ड्रा से सीनी तक घंटों लगा जाम*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
सावन की झमाझम बारिश के बीच मंगलवार को टाटा-सरायकेला मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन सड़क हादसों और एक भारी वाहन के बीच सड़क में फंस जाने से मार्ग पर घंटों आवागमन बाधित रहा। लाल बिल्डिंग चौक से रापचा मोड़ और कोलाबीरा तक वाहन चालक, राहगीर और स्कूली बच्चे परेशान रहे। रोज कमाने-खाने वाले लोगों के लिए यह स्थिति और अधिक मुश्किल भरी रही।
लाल बिल्डिंग चौक पर सुबह ट्रक और ग्रैंड आई10 कार के बीच टक्कर हो गई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चौक पर यातायात की खराब स्थिति और सड़क पर अव्यवस्था के कारण दुर्घटना हुई। हादसे के बाद कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।
इसके कुछ देर बाद रापचा मोड़ स्थित पावर ग्रिड के समीप सड़क हादसे में माणिक कपरी और बिदेश मंडल घायल हो गए। हादसे की सूचना संत कबीर सेवा संस्थान के जिला समन्वयक सह शिक्षक अमित कुमार ने तत्काल 100 नंबर पर पुलिस और एंबुलेंस को दी। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद टीएमएच भेजा गया।
इधर दोपहर के करीब कोलाबीरा रेलवे ओवरब्रिज के पास लोहे के भारी चैनल से लदा टेलर (जेएच-06 आर-2069) संपर्क मार्ग की ओर मुड़ने के दौरान पुल के खंभे से टकराकर बीच सड़क में फंस गया। भारी वाहन को हटाने में घंटों लग गए। इससे काण्ड्रा मोड़ से सीनी मोड़ तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्कूली बच्चों और राहगीरों को बारिश के बीच काफी परेशानी हुई। कई लोग वैकल्पिक रास्ते तलाशते नजर आए। बाद में क्रेन की मदद से टेलर हटाया गया। घटना में किसी तरह की क्षति नहीं हुई।

