जलजमाव से परेशान लोगों का अनोखा विरोध, सड़क पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने की धान रोपनी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बोकारो में नयामोड़ से रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क पर पिछले कई दिनों से जलजमाव की समस्या से परेशान लोगों ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा माराफारी मंडल के तत्वावधान में सीईजेड और दुग्गल गेट के समीप ओवरब्रिज के पास सड़क पर जमा पानी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने धान रोपनी कर अपना विरोध जताया। यहां बारिश होते ही जल जमा हो जाता है और लोगों को परेशानी होती है। इस रास्ते से होकर बोकारो स्टील प्लांट में मजदूर के साथ-साथ गाड़ियों का भी आवागमन प्लांट के लिए होता है।
इस दौरान भाजपा माराफारी मंडल अध्यक्ष बैधनाथ प्रसाद लालू ने कहा कि यह सड़क बोकारो और बीएसएल प्रबंधन के लिए लाइफ लाइन जैसी है। इसके बावजूद सड़क पर जमा पानी को हटाने और जर्जर सड़क की मरम्मत को लेकर प्रबंधन गंभीर नहीं दिख रहा है।
उन्होंने कहा कि जलजमाव के कारण प्रतिदिन हजारों मजदूरों, राहगीरों और सैकड़ों वाहनों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोटर पंप लगाकर सड़क से तत्काल पानी निकालने और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही समस्या के समाधान के लिए सांसद से भी आग्रह किए जाने की बात कही गई।

