दलमा में नक्सलियों के खिलाफ पुलिस की मुहिम तेज, छह वांछित उग्रवादियों के पोस्टर जारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : दलमा और आसपास के सीमावर्ती इलाकों में नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस ने एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली असिम मंडल उर्फ आकाश समेत छह वांछित उग्रवादियों के नए पोस्टर जारी किए हैं।
पोस्टरों में असिम मंडल के अलावा राम प्रसाद उर्फ सचिन (15 लाख), मीता (10 लाख), मंगल सिंह सरदार (5 लाख), मालती मुर्मू (2 लाख) और बुलू महतो (1 लाख) के नाम और तस्वीरें शामिल हैं। इन्हें एमजीएम, पटमदा, बोड़ाम, घाटशिला और दलमा से सटे गांवों व सार्वजनिक स्थानों पर लगाया जा रहा है।
पुलिस ने ग्रामीणों से नक्सलियों की गतिविधियों या ठिकानों की जानकारी तत्काल देने की अपील की है। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने और उपयोगी सूचना पर इनाम देने की बात कही गई है। वहीं, दलमा क्षेत्र में पुलिस और कोबरा बटालियन का संयुक्त सर्च अभियान भी जारी है।

