*एजीएम स्थगित होने के बाद एक सप्ताह में बैठक संभव; चंद्रशेखरन के पत्र और नए चेयरमैन के चयन पर नजर*
मृत्युंजय बर्मन
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जमशेदपुर
टाटा संस की एजीएम के इतिहास में पहली बार कोरम के अभाव में बैठक स्थगित होने के बाद अब कंपनी की अगली बोर्ड बैठक पर निगाहें टिक गई हैं। 19 अगस्त की शाम तक उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, बोर्ड करीब एक सप्ताह के भीतर बैठक बुलाकर 18 अगस्त को स्थगित एजीएम की नई तारीख तय कर सकता है।
18 अगस्त को हुई 108 वीं एजीएम आवश्यक कोरम नहीं जुटने के कारण स्थगित हुई थी। इसकी पृष्ठभूमि में एसआरटीटी पर नियामकीय रोक और उसके कारण एजीएम के लिए आवश्यक संयुक्त प्रतिनिधित्व का नहीं हो पाना प्रमुख कारण रहा।
अब अगली बोर्ड बैठक केवल एजीएम की नई तारीख तय करने तक सीमित नहीं रहेगी। बिजनेस स्टैंडर्ड के अनुसार, बोर्ड एन. चंद्रशेखरन के उस पत्र पर भी विचार कर सकता है, जिसमें उन्होंने वर्तमान कार्यकाल समाप्त होने के बाद तीसरे कार्यकाल के लिए उपलब्ध नहीं रहने की बात कही है। रिपोर्ट में यह संभावना भी बताई गई है कि बोर्ड उनसे निर्णय पर पुनर्विचार का आग्रह कर सकता है। हालांकि यह अभी कोई आधिकारिक निर्णय नहीं है।
इस बीच उत्तराधिकारी चयन भी जटिल बना हुआ है। टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, सितंबर में प्रस्तावित बोर्ड बैठक तक एसआरटीटी पर लगी रोक नहीं हटती है तो उत्तराधिकारी चयन की औपचारिक प्रक्रिया भी प्रभावित हो सकती है, क्योंकि चयन समिति के गठन में दोनों प्रमुख ट्रस्टों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
इसलिए फिलहाल टाटा संस के सामने तीन तात्कालिक सवाल हैं, नई एजीएम कब होगी, चंद्रशेखरन के वर्तमान कार्यकाल और निदेशक पद पर क्या रुख होगा और उनके उत्तराधिकारी की प्रक्रिया कब आगे बढ़ेगी।

