23 अगस्त को निकलेगी भव्य कावड़ यात्रा, स्वर्णरेखा से उठेगा जल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सावन के पावन अवसर पर श्री श्री नीलकंठेश्वर हनुमान मंदिर, महाराजा अग्रसेन मार्ग, साकची एवं मारवाड़ी समाज, काशीडीह के संयुक्त तत्वावधान में 23 अगस्त, रविवार को भव्य कावड़ यात्रा निकाली जाएगी। आयोजन को मारवाड़ी सम्मेलन की विभिन्न शाखाओं का सहयोग प्राप्त है।
कावड़ यात्रा सुबह 7 बजे स्वर्णरेखा नदी तट, मानगो से शुरू होगी। शिवभक्त पवित्र जल लेकर कावड़ के साथ साकची स्थित नीलकंठेश्वर हनुमान मंदिर पहुंचेंगे, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक एवं महाआरती होगी। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार कावड़ यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए 101 रुपये सहयोग राशि निर्धारित की गई है। शहर के साकची-काशीडीह के अलावा बिष्टुपुर, जुगसलाई, मानगो, गोलमुरी, सोनारी, कदमा, टेल्को, बारीडीह, परसुडीह, आदित्यपुर, गम्हरिया समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से परिवार एवं मित्रों के साथ गेरुआ वस्त्र धारण कर यात्रा में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों ने कहा कि कावड़ यात्रा धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता, भाईचारे और सेवा-सहयोग का संदेश भी देगी।

