शहीद निर्मल महतो की पूजा-अर्चना कर तिरंगा किया समर्पित, राष्ट्र सम्मान की उठी मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। शहीद निर्मल महतो की शहादत और उनके संघर्ष को याद करते हुए समाजसेवी चंदन यादव एवं सपना यादव ने सनातन धर्म की परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना कर उन्हें नमन किया और देश की आन, बान और शान तिरंगा समर्पित किया।
उन्होंने कहा कि शहीद निर्मल महतो ने झारखंड की पिछली पंक्ति में खड़े लोगों, विशेषकर आदिवासी और दलित समाज के अधिकारों तथा उनके साथ होने वाले अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद की। उनके संघर्ष और विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।
चंदन यादव एवं सपना यादव ने कहा कि शहीद निर्मल महतो को केवल शहादत दिवस पर याद कर तस्वीर पर माल्यार्पण करना पर्याप्त नहीं है। आज के नेताओं और युवाओं को उनके मार्गदर्शन एवं आदर्शों को अपने जीवन में उतारना चाहिए। उन्होंने शहीद निर्मल महतो को राष्ट्र सम्मान दिलाने की मांग को भी प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने कहा कि यह पहल आज से शुरू की गई है और उम्मीद है कि झारखंड का हर बच्चा और हर परिवार शहीद निर्मल महतो के सम्मान और उनके विचारों को आगे बढ़ाने की आवाज को बुलंद करेगा।

