विश्व आदिवासी दिवस की पूर्व संध्या पर पीपुल्स अकादमी में रंगारंग कार्यक्रम
आदिवासी नृत्य, पोस्टर प्रदर्शनी और प्रेजेंटेशन से विद्यार्थियों ने जानी समृद्ध जनजातीय विरासत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। विश्व आदिवासी दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को पीएम श्री उत्क्रमित पीपुल्स अकादमी +2 विद्यालय में सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा, विरासत और प्रकृति से उसके गहरे संबंध से परिचित कराना था।

कार्यक्रम में छात्राओं ने श्रीमती प्रिया एवं श्रीमती अनुपमा के निर्देशन में पारंपरिक आदिवासी नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। शिक्षक प्रकाश महता ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से झारखंड, भारत एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आदिवासी समाज की सभ्यता और संस्कृति की जानकारी दी।
विद्यार्थियों ने आदिवासी संस्कृति, जल-जंगल-जमीन, प्रकृति संरक्षण और जनजातीय परंपराओं से जुड़े आकर्षक पोस्टर भी तैयार किए, जिनकी प्रदर्शनी लगाई गई। इससे पूर्व प्रार्थना सभा में प्राचार्य चंद्रदीप पाण्डेय ने विश्व आदिवासी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों को संवेदनशील बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

