- शहीद निर्मल महतो की समाधि पर पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन, बोले ‘निर्मल दा के सपनों का झारखंड बनाना है’
कदमा उलियान में श्रद्धांजलि के बाद जनसभा को किया संबोधित, युवाओं से विकसित झारखंड के निर्माण का लिया संकल्प
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को जमशेदपुर पहुंचे और कदमा उलियान स्थित शहीद निर्मल महतो के समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान ईचागढ़ विधायक एवं शहीद निर्मल महतो के छोटे भाई स्वर्गीय सुधीर महतो की पत्नी सविता महतो समेत कोल्हान के विधायक, पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

श्रद्धांजलि के बाद मुख्यमंत्री ने विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अलग झारखंड राज्य के निर्माण के लिए अनेक लोगों ने बलिदान दिया, लेकिन शहीद निर्मल महतो की शहादत का अपना अलग महत्व है। उनके संघर्ष और बलिदान की बदौलत अलग झारखंड राज्य का सपना साकार हुआ।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से शहीद निर्मल महतो के आदर्शों पर चलते हुए विकसित झारखंड के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य को आगे बढ़ाने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में अशांति के लिए विपक्षी दलों के एजेंडे को जिम्मेदार ठहराया और विपक्ष पर राजनीतिक मुद्दों को लेकर “छाती पीटने” का आरोप लगाया। हालांकि, छात्रों के जारी आंदोलन से जुड़े मीडिया के सवालों पर मुख्यमंत्री जवाब देने से बचते नजर आए।

