AI तकनीक से श्रावणी मेला प्रबंधन हुआ हाईटेक, रियल टाइम मॉनिटरिंग से श्रद्धालुओं को राहत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
संतोष सिन्हा
दुमका। श्रावणी मेला के दौरान बाबा बासुकीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम जलार्पण के लिए जिला प्रशासन AI आधारित रियल टाइम मॉनिटरिंग का सहारा ले रहा है। मेला क्षेत्र में लगे कैमरों के माध्यम से भीड़ के घनत्व और श्रद्धालुओं की आवाजाही पर लगातार नजर रखी जा रही है।
कंट्रोल रूम में AI तकनीक के जरिए भीड़ की स्थिति को पांच रंगों—व्हाइट, ग्रीन, येलो, ऑरेंज और रेड—के माध्यम से प्रदर्शित किया जाता है। इसके आधार पर दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी तत्काल आवश्यक कदम उठाते हैं, जिससे भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू बनी रहती है।
जिला प्रशासन का उद्देश्य तकनीक के माध्यम से भीड़ का पूर्व आकलन कर समय रहते निर्णय लेना है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम दर्शन का अनुभव मिल सके।

