राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया।
झारखंड दौरे के क्रम में सरायकेला-खरसावां पहुंचे भारतीय गैर सरकारी शिक्षक संघ (इप्टा) के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. लोकेश कुमार झा का गम्हरिया में भव्य स्वागत किया गया।
इस दौरान संस्था के सदस्यों द्वारा गम्हरिया स्थित होटल एवेन्यू में समारोह आयोजित कर उन्हें फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. परमानंद मोदी की अध्यक्षता में कोर कमिटी की एक बैठक हुई। बैठक को संबोधित करते राष्ट्रीय संगठन मंत्री ने कहा कि देश और समाज के निर्माण में निजी शिक्षकों का योगदान अतुलनीय है। लेकिन इसके बावजूद वे अपने मूलभूत अधिकारों से वंचित हैं। उन्होंने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रखंड एवं जिला स्तर पर व्यापक सदस्यता अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जबतक प्रत्येक निजी शिक्षक एकजुट नहीं होंगे तबतक उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान संभव नहीं है। इस मौके पर निजी शिक्षकों की ज्वलंत समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान डॉ. चेतलाल प्रसाद को झारखंड प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मनोनीत किया गया। साथ ही, अखिलेश कुमार को राष्ट्रीय सचिव के पद पर नियुक्त करने का निर्णय लिया गया। बैठक में मुख्य रूप से रंजीत श्रीवास्तव, आरबी निराला कन्हैया कुमार झा, संजीव कुमार श्रीवास्तव, अखिलेश कुमार, अशोक कुमार प्रसाद, संजीव कुमार सिंह समेत कई सदस्य उपस्थित थे।

