जोबा माझी ने पूर्ण संचालन की उठाई मांग
मृत्युंजय बर्मन,
राष्ट्र संवाद संवाददाता,
सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने गुरुवार को लोकसभा में नियम 377 के तहत सेल की मनोहरपुर लौह अयस्क खदान, चिरिया के पूर्ण संचालन का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि खदान क्षेत्र के धोबिल, मेकलोलेन, अजीताबुरु और सुकरी-लुटूरूबुरु में पर्याप्त लौह अयस्क भंडार मौजूद हैं, लेकिन आवश्यक वैधानिक एवं वन स्वीकृतियां नहीं मिलने के कारण अधिकांश पट्टों में खनन शुरू नहीं हो सका है।
सांसद ने केंद्र सरकार से मनोहरपुर खदान के लंबित मामलों के शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने मैनेजमेंट प्लान फॉर सस्टेनेबल माइनिंग (एमपीएसएम) की जल्द समीक्षा, लंबित वन एवं अन्य वैधानिक स्वीकृतियों के त्वरित निपटारे तथा वर्ष 1980 से पूर्व टूटे क्षेत्रों में वैज्ञानिक खनन की अनुमति देने की मांग रखी।
जोबा माझी ने कहा कि चिरिया खदान का पूर्ण संचालन केवल स्थानीय मुद्दा नहीं, बल्कि देश की इस्पात जरूरतों से भी जुड़ा है। खदानों के संचालन से लौह अयस्क उत्पादन बढ़ेगा, आयात पर निर्भरता घटेगी और स्थानीय तथा जनजातीय समुदायों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने समयबद्ध समाधान के लिए अंतर-मंत्रालयी समिति गठित करने की भी मांग की।

