श्रावण की पहली सोमवारी पर टुईलाडुंगरी शीतला माता मंदिर में भव्य रुद्राभिषेक, कलश यात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर | श्रावण मास की प्रथम सोमवारी के अवसर पर टुईलाडुंगरी स्थित श्री श्री शीतला माता मंदिर में महिला समिति के तत्वावधान में भव्य कलश यात्रा, रुद्राभिषेक एवं पूजा-अर्चना का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने स्वर्णरेखा घाट से पवित्र जल लाकर भगवान भोलेनाथ का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जलाभिषेक किया। इसके बाद महाआरती और प्रसाद वितरण में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता दिनेश कुमार ने कहा कि श्रावण मास आस्था, साधना और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक है तथा ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारा, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में मंदिर समिति, महिला समिति के सदस्यों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी रही। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ और माँ शीतला से सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

