भाटिया बस्ती के विकास को लेकर एक्शन मोड में विधायक सरयू राय, पैदल भ्रमण कर सुनीं लोगों की समस्याएं
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय रविवार को भाटिया बस्ती के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने अशोक पथ, मंदिर पथ सहित आसपास के कई इलाकों का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने विधायक के समक्ष बिजली, जल निकासी, जर्जर नालियों, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। लोगों ने बताया कि लंबे समय से इन समस्याओं के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक सरयू राय ने कहा कि भाटिया बस्ती घनी आबादी वाला बड़ा क्षेत्र है, इसलिए इसके समग्र विकास के लिए इसे एक अलग यूनिट के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सबसे अधिक समस्या नालियों और बिजली व्यवस्था की है, जिसे प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा।
सरयू राय ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के गठन के लगभग एक वर्ष बाद भी कई विभागों को विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं कराई गई है, जिसके कारण कई योजनाएं प्रभावित हुई हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले दो-तीन दिनों में विभागों को राशि मिलने के बाद रुके हुए विकास कार्यों में तेजी आएगी।
उन्होंने कहा कि जमशेदपुर नगर निगम और टाटा स्टील के जुसको विभाग के सहयोग से क्षेत्र में आवश्यक नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। भाटिया बस्ती को आधुनिक सुविधाओं से युक्त क्षेत्र के रूप में विकसित करने की योजना है। इसके तहत बेहतर सड़कें, बड़े नालों का निर्माण, बिजली व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण तथा पूरे क्षेत्र में बिजली के खुले तारों की जगह भूमिगत केबलिंग की जाएगी, ताकि लोगों को सुरक्षित और बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।

