टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में आज मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस, वन महोत्सव का होगा समापन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में 29 जुलाई को अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर वन महोत्सव का समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। पीफाउल एनक्लोजर के समीप होने वाले इस कार्यक्रम में जमशेदपुर के प्रभागीय वन पदाधिकारी (डीएफओ) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य बाघ संरक्षण, जैव विविधता और सतत वन प्रबंधन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। इस अवसर पर आगंतुकों, विद्यार्थियों और इंटर्न्स के लिए जागरूकता गतिविधियां एवं संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें वन्यजीव संरक्षण और प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा में जनभागीदारी पर जोर दिया जाएगा।
टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क के अधिकारियों ने कहा कि संरक्षण शिक्षा और पर्यावरण जागरूकता से जुड़ी ऐसी पहलें भारत की समृद्ध प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण और संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम बुधवार सुबह 11 बजे से चिड़ियाघर परिसर में आयोजित होगा।

