जमशेदपुर में CISCE जोनल स्विमिंग चैंपियनशिप का आगाज, 17 स्कूलों के 100 से अधिक तैराक ले रहे हिस्सा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: शहर के प्रतिष्ठित मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल (MNPS) के तत्वावधान में सोमवार को CISCE जोनल स्विमिंग चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुआ। प्रतियोगिता में CISCE से संबद्ध 17 विद्यालयों के 100 से अधिक प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं विभिन्न आयु वर्गों की तैराकी स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
चैंपियनशिप का उद्घाटन मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल के पूर्व छात्र एवं सफल उद्यमी सैयद अरशद जाकी ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय की प्राचार्य संगीता सिंह ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने बताया कि चैंपियनशिप का मुख्य उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और टीमवर्क की भावना को बढ़ावा देना है। साथ ही ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। आयोजन को सफल बनाने के लिए विद्यालय प्रबंधन, खेल प्रशिक्षकों एवं स्वयंसेवकों ने व्यापक तैयारियां की हैं। विजेता खिलाड़ियों का चयन उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा और वे आगे की प्रतियोगिताओं में जोन का प्रतिनिधित्व करेंगे।

