खाट पर मरीज, रास्ते में रुके अफसर… चिटामाटी टोला ने दिखा दी विकास की हकीकत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पूर्वी सिंहभूम के डुमरिया प्रखंड स्थित चिटामाटी टोला से ग्रामीण बदहाली की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने विकास के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सड़क नहीं होने के कारण गंभीर रूप से बीमार टोला प्रधान **जंगल हेंब्रम** को ग्रामीणों ने करीब चार किलोमीटर तक खाट पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जहां से निजी वाहन से अस्पताल ले जाया गया। घटना सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया। एसडीओ, बीडीओ और अन्य अधिकारी पैदल गांव का निरीक्षण करने निकले, लेकिन दुर्गम पहाड़ी रास्ते और सड़क के अभाव के कारण वे भी बीच रास्ते से आगे नहीं बढ़ सके। इसके बाद अधिकारियों ने सड़क निर्माण के लिए तत्काल सर्वे और मापी शुरू कराने का निर्देश दिया। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि वर्षों पुरानी सड़क की मांग जल्द पूरी होगी और गांव तक स्वास्थ्य सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंच सकेंगी।

