जमशेदपुर में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की राष्ट्रीय बैठक, मंटू अग्रवाल बने जिला अध्यक्ष
राष्ट्र संवाद संवादाता
51 वर्षों में पहली बार झारखंड के नेतृत्व में राष्ट्रीय प्रबंध समिति की बैठक, देशभर से 250 से अधिक प्रतिनिधि शामिल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित होटल रमाडा में शनिवार को अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन (सत्र 2026-31) की प्रथम राष्ट्रीय प्रबंध समिति की बैठक आयोजित हुई। पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन के आतिथ्य में आयोजित इस दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर के विभिन्न राज्यों से 250 से अधिक राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारी, उद्योगपति और समाजसेवी शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रसाद वितरण से हुई। इसके बाद राष्ट्रीय प्रबंध कार्यसमिति की बैठक और नवमनोनीत राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर झारखंड प्रादेशिक अग्रवाल सम्मेलन एवं अखिल भारतीय अग्रवाल युवा सम्मेलन के पदाधिकारियों ने भी शपथ ली। साथ ही मंटू अग्रवाल को पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन का नया अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि समाज की सेवा अग्रवाल समाज की पहचान है, लेकिन समाज को राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक रूप से भी सशक्त बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पंचायत, नगर निकाय, विधानसभा, लोकसभा और राज्यसभा सहित सभी लोकतांत्रिक संस्थाओं में अग्रवाल समाज का प्रभावी प्रतिनिधित्व होना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत मित्तल को झारखंड का गौरव बताते हुए राष्ट्रीय बैठक के आयोजन के लिए आयोजन समिति को बधाई दी।
बैठक में संगठन के विस्तार, सेवा कार्यों, युवा एवं महिला इकाइयों की भूमिका तथा आगामी राष्ट्रीय कार्यक्रमों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। शनिवार शाम गजल संध्या एवं स्नेह मिलन का भी आयोजन हुआ।
*बॉक्स :*
*आज होंगे ये प्रमुख कार्यक्रम*
सुबह 8 बजे श्री टाटानगर गौशाला स्थित श्री अग्रसेन ज्ञान मंदिर में माल्यार्पण एवं तुलादान।
दिनभर राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक।
संगठन विस्तार, सेवा परियोजनाओं और आगामी राष्ट्रीय कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा।
सामाजिक सरोकारों और भविष्य की कार्ययोजना पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।

