बिरसानगर में दिनदहाड़े बाइक चोरी, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर: शहर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। साधु डेरा स्थित लाल स्कूल के समीप अज्ञात चोर ने एक मोटरसाइकिल पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, आलोक दास अपनी हीरो होंडा स्प्लेंडर (JH05 AN 6714) मोटरसाइकिल को लाल स्कूल के पास खड़ी कर कुछ काम से गए थे। जब वह वापस लौटे तो उनकी बाइक वहां से गायब थी। काफी खोजबीन के बाद भी बाइक का कोई पता नहीं चलने पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई।
सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक बाइक चोरी कर मौके से फरार होता स्पष्ट दिखाई दे रहा है। घटना की सूचना मिलने पर बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, बिरसानगर क्षेत्र में लगातार सामने आ रही बाइक चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत और नाराजगी है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और बाइक चोर गिरोह पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

