उपायुक्त ने पटमदा प्रखंड, केजीबीवी व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने गुरुवार को पटमदा प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यों, राजस्व एवं विकास योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) का भी दौरा कर छात्राओं से संवाद किया तथा शिक्षा, भोजन, आवास और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित एवं प्रेरणादायी वातावरण उपलब्ध कराने तथा खेल, सांस्कृतिक एवं व्यक्तित्व विकास गतिविधियों को नियमित संचालित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पटमदा का निरीक्षण कर ओपीडी, प्रसव कक्ष, दवा वितरण केंद्र और वार्ड की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और समय पर बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

