आनंद मार्ग ने हरिजन स्कूल में बांटे 200 फलदार पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल (AMURT) एवं प्रिवेंशन ऑफ क्रुएलिटी टू एनिमल्स एंड प्लांट्स (PCAP) की ओर से राजकीय हरिजन मध्य विद्यालय, जोजोबेड़ा में विद्यार्थियों के बीच 200 फलदार एवं फूलदार पौधों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और हरियाली को बढ़ावा देना था।
इस अवसर पर आनंद मार्ग के सुनील आनंद ने कहा कि पर्यावरण संकट मनुष्य के स्वार्थ और दूषित सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण ही पर्याप्त नहीं, बल्कि मन के प्रदूषण को दूर कर व्यापक और मानवीय दृष्टिकोण अपनाना भी जरूरी है। उन्होंने नव्य-मानवतावाद का उल्लेख करते हुए पेड़-पौधों और जीव-जंतुओं को पृथ्वी परिवार का अभिन्न सदस्य मानने की अपील की।
उन्होंने बताया कि पृथ्वी पर ऑक्सीजन का संतुलन बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से आनंद मार्ग की ओर से विभिन्न प्रकार के पौधों का वितरण अभियान लगातार चलाया जा रहा है। विद्यार्थियों से पौधों की देखभाल कर हरित भविष्य के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया।

