घाटशिला में सारदा नेत्रालय का शुभारंभ, अब स्थानीय स्तर पर मिलेगी आधुनिक नेत्र चिकित्सा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
घाटशिला, 23 जुलाई। घाटशिला के मेन रोड स्थित पानी नर्सिंग होम में गुरुवार को सारदा नेत्रालय की नई शाखा का शुभारंभ रामकृष्ण मठ के स्वामी नटराजन महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के बीच फीता काटकर किया। समारोह में शहर के गणमान्य नागरिक, चिकित्सक, शिक्षाविद्, सामाजिक कार्यकर्ता और पत्रकार मौजूद रहे।
स्वागत भाषण में डॉ. नीतीश आर. भारद्वाज ने बच्चों में बढ़ती नेत्र समस्याओं और अत्यधिक स्क्रीन उपयोग पर चिंता जताते हुए नियमित नेत्र परीक्षण की अपील की। स्वामी उमाकांत महाराज ने कहा कि सेवा और समर्पण की भावना से संचालित यह संस्थान जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
सारदा नेत्रालय के निदेशक डॉ. नितिन जी. धीरा ने बताया कि आधुनिक उपकरणों और अनुभवी विशेषज्ञों की मदद से यहां नेत्र रोगों की जांच, परामर्श और विभिन्न प्रकार की सर्जरी की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने मायोपिया जैसी बढ़ती समस्या से बचाव के लिए समय पर जांच और जागरूकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में डॉ. आर.के. चौधरी, प्रो. मित्रेश्वर अग्निमित्र, तापस चटर्जी समेत कई वक्ताओं ने संस्थान को क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया। अतिथियों ने विश्वास व्यक्त किया कि सारदा नेत्रालय घाटशिला एवं आसपास के लोगों को विश्वस्तरीय, सुलभ और विश्वसनीय नेत्र चिकित्सा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

