17 अगस्त को सूर्य मंदिर समिति निकालेगी भव्य सामूहिक जलाभिषेक यात्रा, तैयारियां शुरू
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर समिति ने श्रावण मास की तीसरी सोमवारी (17 अगस्त) को आयोजित होने वाली भव्य सामूहिक जलाभिषेक यात्रा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। समिति अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री एवं मुख्य संरक्षक रघुवर दास भी मौजूद रहे। निर्णय लिया गया कि 17 अगस्त सुबह 7 बजे शिवभक्त बारीडीह हरि मंदिर मैदान से सुल्तानगंज का पवित्र गंगाजल लेकर यात्रा प्रारंभ करेंगे और सूर्य मंदिर परिसर पहुंचकर बाबा भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक करेंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए सुरक्षा, बैरिकेडिंग, पेयजल, चिकित्सा, यातायात, स्वयंसेवकों की तैनाती, झांकियां, भक्ति संगीत एवं महाप्रसाद वितरण सहित सभी व्यवस्थाओं की रूपरेखा तय की गई। समिति ने इस वर्ष हजारों शिवभक्तों की सहभागिता के साथ यात्रा को ऐतिहासिक और भव्य बनाने का लक्ष्य रखा है।

