रामगढ़ स्मार्ट मीटर के खिलाफ ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, भुरकुंडा बिजली कार्यालय का घेराव।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बेतहाशा बिजली बिल का आरोप, 40 से 50 हजार रुपये तक बिल आने से नाराज ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन।।
रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड स्थित महुआ टोला के ग्रामीणों ने स्मार्ट मीटर से आ रहे कथित मनमाने बिजली बिल के विरोध में सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष हाथों में तख्ती-बैनर लेकर भुरकुंडा विद्युत विभाग कार्यालय पहुंचे और कार्यालय का घेराव करते हुए जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से उनके बिजली बिल में कई गुना बढ़ोतरी हो गई है। कई उपभोक्ताओं के बिल 40 हजार से 50 हजार रुपये तक पहुंच गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि झारखंड सरकार द्वारा 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त देने की व्यवस्था है, इसके बावजूद भारी-भरकम बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे आम लोग आर्थिक रूप से परेशान हैं।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने या अन्य मीटर लगाने की मांग की। वहीं, भुरकुंडा विद्युत विभाग के एसडीओ रोहिताश कुमार ने बताया कि सर्वर संबंधी तकनीकी समस्या के कारण कुछ उपभोक्ताओं के बिजली बिल में गड़बड़ी हुई थी। विभाग द्वारा समस्या का समाधान किया जा रहा है और जिन उपभोक्ताओं के बिल गलत बने हैं, उन्हें संशोधित कर शून्य या सही राशि के साथ अपडेट किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कई उपभोक्ताओं के बिल पहले ही सुधार दिए गए हैं।
प्रदर्शन में शामिल ग्रामीण ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से लगातार गलत और बढ़े हुए बिजली बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्मार्ट मीटर का पूरी तरह विरोध करते हैं और विभाग से इसे हटाकर दूसरा मीटर लगाने की मांग कर रहे हैं, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

