बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की नि:शुल्क कांवर यात्रा के लिए पंजीयन शुरू, 9 अगस्त को 1000 शिवभक्त जाएंगे सुल्तानगंज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सावन माह के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ ने अपनी वार्षिक नि:शुल्क कांवर यात्रा के लिए मोबाइल नंबर युक्त पंजीयन पोस्टर का विमोचन मानगो स्थित बड़ा हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद किया। संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने बताया कि 9 अगस्त को 1000 शिवभक्तों को सुल्तानगंज ले जाया जाएगा, जहां से वे पैदल देवघर के लिए कांवर यात्रा करेंगे।
उन्होंने बताया कि 18 से 60 वर्ष आयु के इच्छुक श्रद्धालुओं का ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर नि:शुल्क पंजीयन किया जाएगा। यात्रा में महिलाओं और पुरुषों की समान भागीदारी रहेगी। शिवभक्तों के लिए स्वास्थ्य सुविधा, धर्मशाला में ठहरने की व्यवस्था, शुद्ध निरामिष भोजन तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम की नि:शुल्क व्यवस्था रहेगी।
पोस्टर का विमोचन राजकुमार श्रीवास्तव एवं कुमकुम श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर विकास सिंह सहित संघ के कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित थे।

