मानगो में नाला सफाई पर सियासत तेज: सरयू राय के निरीक्षण में लापरवाही के आरोप, मेयर सुधा गुप्ता का पलटवार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मानगो में नाला सफाई और जल निकासी व्यवस्था को लेकर सियासत तेज हो गई है। एक ओर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के निर्देश पर जनता दल (यू) और जनसुविधा समिति के प्रतिनिधियों ने विभिन्न नालों का निरीक्षण कर नगर निगम पर नाला सफाई कार्यों में लापरवाही का आरोप लगाया, वहीं दूसरी ओर मेयर सुधा गुप्ता ने पलटवार करते हुए कहा कि जनता ने उन्हें काम करने के लिए चुना है, आरोप लगाने के लिए नहीं।
रविवार को जदयू प्रतिनिधिमंडल ने टैंक रोड, कालिका नगर, उलीडीह, खनका और कुटकुट डुंगरी सहित कई क्षेत्रों के नालों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दावा किया गया कि वर्षा पूर्व जारी निविदाओं के बावजूद अधिकांश स्थानों पर नालों की सफाई शुरू नहीं हुई है। कालिका नगर रोड संख्या-3 में नाले की स्लैब काटकर काम अधूरा छोड़ देने तथा कुटकुट डुंगरी में नाला जाम रहने से बारिश का पानी घरों में घुसने की शिकायत भी सामने आई। जदयू नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर निगम के अधिकांश सफाई कार्य कागजों तक सीमित हैं और यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो जनसमस्याओं को लेकर आवाज़ और बुलंद की जाएगी।
इधर मेयर सुधा गुप्ता ने इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो लोग आज गली-गली घूमकर नालों की तस्वीरें खींच रहे हैं, उन्हें यह भी याद रखना चाहिए कि मानगो क्षेत्र का विधायक कौन है। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष सात माह में क्षेत्र की स्थिति बिगड़ी है, लेकिन अब नगर निगम सफाई व्यवस्था को स्थायी रूप से सुधारने के लिए गंभीरता से काम कर रहा है।
मेयर ने कहा, “मानगो की जनता ने हमें काम करने के लिए चुना है, दूसरों पर आरोप लगाने के लिए नहीं। नगर निगम जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।”
मानगो में नाला सफाई को लेकर जदयू और नगर निगम के बीच शुरू हुई यह बयानबाजी अब राजनीतिक रूप लेती दिखाई दे रही है। वहीं क्षेत्रवासी मानसून के बीच जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद लगाए हुए हैं।

