अधिवक्ताओं के कल्याण और युवा वकीलों को प्रोत्साहन हमारी प्राथमिकता : राजेश शुक्ल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची: झारखंड स्टेट बार काउंसिल के वाइस चेयरमैन एवं वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार शुक्ल ने कहा कि राज्य के अधिवक्ताओं के लिए कल्याणकारी योजनाओं को और प्रभावी बनाया जाएगा तथा युवा अधिवक्ताओं की दक्षता बढ़ाने के लिए नई योजनाएं शुरू करने की दिशा में काम किया जाएगा। झारखंड उच्च न्यायालय के अधिवक्ताओं द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में उन्होंने पेंशन योजना को मजबूत करने और महिला अधिवक्ताओं के लिए सभी बार एसोसिएशनों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता भी जताई।
समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ता भरत कुमार झा ने राजेश शुक्ल के 15 वर्षों के कार्यकाल को अधिवक्ताओं के हित में उल्लेखनीय बताते हुए उनकी सराहना की। अधिवक्ता तेजु मिस्त्री और अमित चतुर्वेदी ने भी कोरोना काल सहित अधिवक्ताओं के हित में उनके योगदान की प्रशंसा की। इस अवसर पर 200 से अधिक अधिवक्ताओं ने राजेश शुक्ल का शाल, पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर अभिनंदन किया।

