खरसावां में पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने की महाप्रभु जगन्नाथ की पूजा-अर्चना, श्रद्धालुओं संग खींचा रथ
राष्ट्र संवाद संवाददाता
खरसावां, रथ द्वितीया के पावन अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने खरसावां गढ़ स्थित भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचकर महाप्रभु की विधिवत पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने भगवान जगन्नाथ से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद अर्जुन मुंडा रथयात्रा में शामिल हुए और श्रद्धालुओं के साथ मिलकर भगवान जगन्नाथ के रथ की डोर खींची। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु जय जगन्नाथ के जयघोष के साथ रथयात्रा में शामिल हुए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर अर्जुन मुंडा ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की असीम कृपा सभी पर बनी रहे और समाज में सुख, शांति, समृद्धि तथा आपसी सद्भाव का वातावरण कायम रहे। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को रथयात्रा की शुभकामनाएं देते हुए महाप्रभु से जनकल्याण की प्रार्थना की।

