बिरसानगर थाना में शांति समिति की बैठक, कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत पुलिस-जन संवाद पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार बिरसानगर थाना परिसर में थाना प्रभारी संतोष कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय, आपसी विश्वास एवं सौहार्द को मजबूत करना तथा कम्युनिटी पुलिसिंग को प्रभावी बनाना रहा।
बैठक में थाना प्रभारी संतोष कुमार ने कहा कि समाज में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में आम नागरिकों की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने उपस्थित शांति समिति के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों से क्षेत्र की समस्याओं, अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
गौरतलब है कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी थाना क्षेत्रों में 13 से 15 जुलाई तक कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत गणमान्य नागरिकों एवं शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठकें आयोजित की जा रही हैं, ताकि पुलिस और जनता के बीच संवाद एवं विश्वास को और सुदृढ़ किया जा सके।
बैठक में वरिष्ठ पत्रकार देवानंद सिंह, केंद्रीय शांति समिति के प्रमोद तिवारी गुलजार सिंह, राघवेंद्र मिश्रा, संजय घोष, फादर तुली, राजेश कर्मकार, फूल मनीष सोरेन, जोबा रानी, चंचल लकड़ा, जितेंद्र मिश्रा, नरेश प्रसाद, राजेंद्र सिंह, अनिल अग्रवाल सहित शांति समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में केंद्रीय शांति समिति के सदस्य प्रमोद तिवारी ने सभी उपस्थित लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

