राष्ट्र संवाद संवाददाता संजय सिन्हा
बड़बिल(ओडिशा)जोड़ा नगरपालिका क्षेत्र के मुख्य सड़के को नामीगिरामी खनन कंपनी जेएसडब्ल्यू के द्वारा स्लरी पाइप बिछाने के लिए खुदाई कर संकीर्ण करने का काम किया गया। सड़को पर रखे मलवे के कारण मुख्य लेन अवरुद्ध हो गई है। जे एस डब्ल्यू कंपनी ने जोड़ा से जुरुडीह की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग मे अपनी निजी स्लरी पाइपलाइन बिछाने के लिए सोना नदी के पुल से लेकर आगे की ओर के मार्ग की एक पूरी लेन को खोदकर तबाह कर चुकी हैं। जोड़ा डीएवी स्कूल से लेकर बस स्टैंड तक जाने वाला यह मार्ग शहर की सबसे व्यस्थ मार्गो मे एक है।जिसपर हर रोज़ हजारों स्कूली बच्चे, मजदूर, व्यापारी ,पब्लिक बसे,स्कुल बसे आदि गुजरते हैं। अवरुद्ध मार्ग पूरा सिर्फ यातायात की असुविधा का नहीं है, बल्कि यह एक सुनियोजित प्रशासनिक विफलता और कॉरपोरेट अहंकार की पराकाष्ठा है। खुदाई स्थल पर कोई सुरक्षा बैरिकेड लगाए गए हैं, न ही रात में दिखने वाले रिफ्लेक्टिव साइनेज लगाए गए हैं। इस लापरवाही की वजह से हर दिन दर्जनों छोटी-मोटी दुर्घटनाएँ हो रही हैं, और एक बड़ा हादसा बस किसी भी पल हो सकता है। सबसे भयावह तस्वीर हर रोज़ स्कूल छुट्टी के समय उभरती है। जोड़ा डीएवी समेत इलाके के दो प्रतिष्ठित स्कूलों से जब सैकड़ों बच्चे बाहर निकलते हैं, तो उन्हें खुली खाइयों, उखड़ी हुई कंक्रीट की सिल्लियों और मिट्टी के पहाड़ों के बीच से होकर अपने घर तक पहुँचना पड़ता है। उक्त स्थानो पर कोई ट्रैफिक मार्शल मौजूद नहीं है। ये मासूम बच्चे एकमात्र बची हुई लेन में रेंगते विशाल ट्रकों, डंपरों और बसों के बीच से जान जोखिम में डालकर गुज़रते हैं। किसी भी दिन कोई बड़ा हादसा हो सकता है, इसकी ज़िम्मेदारी कौन लेगा।
स्थानीय निवासीयो मे आक्रोश सबसे ज़्यादा इस बात है,कि अगर कोई छोटा दुकानदार या आम नागरिक सड़क किनारे सामान रखता है, तो नगरपालिका फ़ौरन जुर्माना ठोंक देती है। लेकिन जब अरबों के खनन समूह महीनों तक पुल की एक पूरी लेन को बंद करके ख़तरनाक मलबे का पहाड़ खड़ा कर देते हैं, तो नगरपालिका पर पूरी तरह सन्नाटा छा जाता है। यह दोहरा मापदंड स्थानीय प्रशासन की निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है।

