रांची की घटना ने कानून-व्यवस्था पर खड़े किए गंभीर सवाल, दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई : सांसद बिद्युत बरण महतो
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। रांची के दशम फॉल थाना क्षेत्र में महिलाओं के वाहन का कथित रूप से पीछा करने, रास्ता रोकने, वाहन का शीशा तोड़ने और चालक के साथ मारपीट की घटना पर जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरण महतो ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि यह घटना राज्य की कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है।
सांसद ने कहा कि आपातकालीन सूचना के बावजूद पुलिस समय पर नहीं पहुंची, तो इसकी निष्पक्ष समीक्षा कर आवश्यक सुधार किए जाने चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से घटना की पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए पुलिस गश्त मजबूत करने, आपातकालीन पुलिस प्रतिक्रिया तंत्र को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने तथा कानून का सख्ती से पालन कराने पर जोर दिया। सांसद ने कहा कि सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई ही सुशासन की पहचान है।

