रामगढ़ में अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, दंपति समेत 3 गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवादाता
रामगढ़: रामगढ़ पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के दत्तो गांव में संचालित एक अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान हथियार बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दंपति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में पिस्टल बनाने में प्रयुक्त उपकरण, मशीनें, अधबने और तैयार हथियारों के पार्ट्स तथा अन्य सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दत्तो गांव में लोहार के काम की आड़ में अवैध रूप से पिस्टल तैयार कर विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से अवैध हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले औजार, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, बैरल, ट्रिगर, स्प्रिंग सहित कई महत्वपूर्ण सामान जब्त किए। जांच में यह भी सामने आया कि तैयार हथियारों की आपूर्ति कोयला क्षेत्रों और आसपास के जिलों में सक्रिय अपराधियों तक की जाती थी।
गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि यह गिरोह लंबे समय से अवैध हथियार बनाने और उनकी तस्करी में संलिप्त था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा अब तक कितने हथियार तैयार कर विभिन्न इलाकों में भेजे जा चुके हैं।
रामगढ़ पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध और हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

